ऋषिकेश: लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाऊं गांव में हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा किया. हिंदू संगठनों ने यहां एक दुकान के अंदर मदरसे की शिक्षा दिए जाने का आरोप लगाया. इसके साथ ही हिंदू संगठनों ने मौलवी पर कई गंभीर आरोप भी लगाए. हिंदू संगठनों ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.
हंगामें के दौरान मौलवी के पक्ष में आए समर्थकों की हिंदू संगठनों के साथ तीखी नोकझोंक हुई. बहस के साथ नौबत हाथापाई तक भी पहुंची, लेकिन बीच बचाव होने के चलते मामला बेकाबू होने से बच गया. इस दौरान पुलिस घटनास्थल पर आई. स्थिति की नजाकत को समझते हुए किसी तरह दोनों पक्षों को शांत करवाया गया. मामले में आरोपो की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा पुलिस ने दिया है.
ऋषिकेश में हिंदू संगठनों का हंगामा
हिंदू संगठनों ने मौलवी के पुलिस सत्यापन नहीं होने के साथ आधार कार्ड में दर्ज नाम पते और जन्मतिथि पर भी संशय जताया है. लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी भुवन चंद पुजारी ने बताया हिंदू संगठनों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जाएगी, अगर आरोपों में सत्यता पाई जाती है तो एक्शन लिया जाएगा.
बजरंग दल के नरेश उनियाल और राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने बताया गांव में पहले एक मदरसा था. ये मदरसा फिलहाल कोर्ट के आदेश पर बंद है, लेकिन मदरसे की शिक्षा बगल की एक दुकान में अवैध रूप से बच्चों दी जा रही है. यह सरासर गलत है.
हिंदू संगठनों ने मौलवी के आधार कार्ड में नाम पते के साथ जन्मतिथि पर भी संशय जताया है. मौलवी का अपने गृह क्षेत्र और वर्तमान थाने से सत्यापन ना होना भी सवालों के घेरे में है. फिलहाल मौलवी को मदरसे की शिक्षा अवैध रूप से नहीं देने की हिदायत दी गई है. पुलिस भी इस मामले में फूंक फूंक कर कदम बढ़ा रही है. फिलहाल स्थिति सामान्य है. पुलिस ने हिंदू संगठनों की मांग पर जांच की बात कही है.
ऋषिकेश : सवालों के घेरे में मौलवी और मदरसा? जांच में जुटी पुलिस

