देहरादून: प्रदेश के पांच विधान सभा क्षेत्रों की सीएम घोषणाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार की सचिवालय में समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए. राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए. साथ ही सीएम ने कहा कि विकास कार्यों में देरी पर अधिकारियों की तय जिम्मेदारी होगी.
बैठक के दौरान थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा सीटों से समस्याओं को भी सामने रखा. इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधायकों की ओर से अपने क्षेत्र की जिन समस्याओं को उठाया जा रहा है, इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें.
विकास कार्यों में देरी पर अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी तय
इसके अलावा जिन योजनाओं का समाधान जल्द हो सकता है, उनमें बेवजह विलंब न हो. साथ ही सीएम ने कहा कि कामों में बेवजह देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाए. यही नहीं, विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय बद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए. इसके साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय से जन समस्याओं का समाधान करें.
सीएम ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए अधिकारी आमजन की समस्याओं का समाधान करें. उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए. हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जाएं. निर्माण से संबंधित कामों में अगर किसी विभाग का प्रस्ताव किसी अन्य विभाग को ट्रांसफर किया जाना है, तो उसे जल्द भेजा जाए और लेट करने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाए.
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधायकगणों की ओर से बैठक में उठाई गई समस्याओं का संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें. मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित वन विभाग के स्तर पर लंबित प्रकरणों की अलग से समीक्षा की जाए.
इसके साथ ही सीएम ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि मानसून से पहले वर्षाकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की जाए. बाढ़ नियंत्रण से संबंधित कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं. वाणिज्यिक सिलेंडरों के संबंध में होटल एसोसिएशन के साथ समय-समय पर बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए. यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए.

