उधमसिंह नगर: किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र पार्षद सौरभ बेहड़ से जुड़े कथित हमले के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। पुलिस पूछताछ में सौरभ बेहड़ ने स्वीकार किया है कि उन्होंने खुद पर हमला करवाने की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि पत्नी से चल रहे विवाद और घरेलू तनाव के चलते उन्होंने पत्नी की सहानुभूति पाने के लिए यह कदम उठाया। पुलिस ने उन्हें आवास विकास पुलिस चौकी बुलाकर करीब एक घंटे तक कड़ी पूछताछ की और जांच में सहयोग के लिए नोटिस भी थमा दिया है।
दरअसल बीते रविवार रात सौरभ बेहड़ पर बिना नंबर प्लेट बाइक सवार तीन लोगों द्वारा हमला करने की बात सामने आई। हमले में सौरभ घायल हो गए थे और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा के कई नेता भी अस्पताल पहुंचे थे। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव बढ़ने लगा था। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात सिडकुल रोड से बाइक सवार तीन हमलावरों—वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह—को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार इनके पास से दो तमंचे और एक चाकू भी बरामद किया गया। पूछताछ में इन आरोपियों ने दावा किया कि उन्होंने यह हमला इंदर नारंग के कहने पर किया था।
इंदर नारंग से पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस ने जब आदर्श कॉलोनी निवासी इंदर नारंग से पूछताछ की तो पता चला कि सौरभ बेहड़ ने ही पत्नी की सहानुभूति पाने के लिए अपने ऊपर हमला करवाने का दबाव बनाया था। इसी आधार पर पुलिस की जांच की दिशा बदली और सौरभ बेहड़ को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया। जिसके बाद बीते शनिवार 24 जनवरी को सौरभ बेहड़ को आवास विकास चौकी बुलाया गया, जहां जांच अधिकारी ने हमले के पीछे के कारणों को लेकर सवाल किए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सवालों के दौरान सौरभ कई बार निरुत्तर हुए और कुछ सवालों पर उनके जवाब लड़खड़ा गए। अंततः उन्होंने यह बात स्वीकार कर ली कि पत्नी से विवाद चल रहा था और उसी वजह से उन्होंने यह पूरा घटनाक्रम रचा।
सहानुभूति पाने के लिए रची साजिश
पुलिस के अनुसार सौरभ बेहड़ ने बताया कि उनकी अपनी पत्नी से कई दिनों से बोलचाल बंद थी। उन्होंने माना कि पत्नी की सहानुभूति और ध्यान पाने के लिए उन्होंने खुद पर हमला करवाने की योजना बनाई। सौरभ का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इतना बढ़ जाएगा और पूरे शहर में चर्चा का विषय बन जाएगा।
बताया जा रहा है कि इंदर नारंग को थाने से, जबकि तीनों हमलावरों को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। वहीं, इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे पार्षद सौरभ बेहड़ से अब पुलिस आगे की पूछताछ करेगी। पुलिस ने सौरभ को नोटिस रिसीव कराते हुए कहा है कि जांच में जब भी बुलाया जाएगा, उन्हें अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
पुलिस का बयान: जांच जारी, आगे भी होगी पूछताछ
ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि सौरभ बेहड़ से अभी आगे भी पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और सौरभ को भविष्य में जांच में सहयोग करने के लिए नोटिस दिया गया है।
उत्तराखंड: पत्नी से सहानुभूति पाने पार्षद ने रचाया ऐसा ड्रामा, पुलिस हो गई हैरान
Leave a Comment
Leave a Comment

