मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मेधावी बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 व 2023 की टॉपर 318 बालिकाओं को स्मार्टफोन दिए।


मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग का परिवर्तन पोर्टल लॉन्च किया वह बालिका निकेतन देहरादून की बालिकाओं को चंद्रयान की प्रतिकृति भेंट की। साथ ही उन्होंने प्रदेश की सभी बेटियों को राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक प्रयास किया जा रहे हैं। प्रदेश की सभी बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हमारी बेटियां हमारी शान, मान और अभिमान है। महान वीरांगना तिलू रौतेली से लेकर प्रदेश की वीर नारियों की लंबी सूची है जिन्होंने हर चुनौती को छोटा साबित करते हुए समाज को जीवन जीने की राह दिखाई है।

राज्य सरकार ने हाल ही में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30% आरक्षण देने का फैसला किया है। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने पुरस्कार प्राप्त करने वाली सभी बालिकाओं को शुभकामना दी। कार्यक्रम में सचिव श्री हरिश्चंद्र सेमवाल निदेशक महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास श्री प्रशांत आर्य समेत बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

