हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में 2027 में होने वाले अर्ध कुंभ मेले से पहले आरएसएस हिंदू और हिंदुत्व का मुद्दा भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है. बीते दिनों हरिद्वार में हर की पैड़ी पर गैर हिंदुओं के प्रवेश वर्जित के पोस्टर के बाद अब आरएसएस हर की पैड़ी पर ही एक बड़ा आयोजन करवाने जा रहा है. 25 जनवरी को होने जा रहे इस हिंदू सम्मेलन में हरिद्वार में गैर हिंदू मामले के साथ ही अन्य मंदिरों से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत होगी.
गैर हिंदू पोस्टर विवाद के बाद हर की पैड़ी पर आरएसएस का हिंदू सम्मेलन: मां गंगा हिंदू सम्मेलन समिति और गंगा सभा के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं. सम्मेलन से पहले हरिद्वार में एक विशाल और भव्य यात्रा भी निकाली जाएगी जो विभिन्न क्षेत्रों से होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी. आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि यह यात्रा हिंदू समाज को एकजुट करने का प्रतीक होगी.
हरि चेतनानंद रहेंगे मुख्य वक्ता: इस हिंदू सम्मेलन में महामंडलेश्वर हरि चेतनानंद मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे. उनके साथ महामंडलेश्वर मैत्री गिरि महाराज भी सम्मेलन में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसएस के प्रांत प्रचारक शैलेंद्र को आमंत्रित किया गया है. वहीं आयोजन के संरक्षक के तौर पर श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम की भूमिका रहेगी. आयोजकों का दावा है कि सम्मेलन में उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में संत, सनातनी, धर्म प्रेमी और प्रबुद्धजन पहुंचेंगे.
उज्ज्वल पंडित होंगे संयोजक: कार्यक्रम का संयोजक उज्ज्वल पंडित को बनाया गया है. उज्ज्वल पंडित पुरोहित समाज और गंगा सभा से जुड़े पदाधिकारी हैं. बीते कुछ दिनों में हर की पैड़ी पर गैर हिंदुओं को लेकर लगाए गए पोस्टर, पहचान पत्र और आधार कार्ड जांच जैसे मामलों को लेकर उनका नाम लगातार सामने आया है. ऐसे में इस सम्मेलन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपे जाने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. जानकारों का मानना है कि यह सम्मेलन हालिया घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में एक स्पष्ट वैचारिक संदेश देने का प्रयास हो सकता है.
अर्ध कुंभ से पहले बड़ा हिंदू सम्मेलन: हर की पैड़ी जैसे संवेदनशील और विश्वविख्यात धार्मिक स्थल पर इस तरह के सम्मेलन को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद है. फिलहाल प्रशासन और राज्य सरकार ने स्वयं को इस आयोजन से औपचारिक रूप से अलग रखा है, लेकिन आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. खासकर तब जब अगले वर्ष अर्ध कुंभ मेले का आयोजन प्रस्तावित है. आयोजकों का कहना है कि मां गंगा की धरती से हिंदुत्व की चेतना को जन जन तक पहुंचाने और विश्व को एक सशक्त संदेश देने का यह प्रयास है.
हरिद्वार : ‘हर की पैड़ी’ से RSS के हिंदू सम्मेलन का शंखनाद, मंदिरों से जुड़े मुद्दों पर होगी बातचीत
Leave a Comment
Leave a Comment

