देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए 1161 करोड़ रुपये की ऋषिकेश बाईपास परियोजना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने आवास में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा के साथ इसपर विचार विमर्श किया। धामी जल्द ही केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे।
प्रस्तावित ऋषिकेश बाईपास परियोजना के तहत तीनपानी से योग नगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किलोमीटर लंबाई में चार लेन बाईपास बनाया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत 4.876 किमी लंबाई में तीन हाथी कॉरिडोर हेतु एलिवेटेड मार्ग, चंद्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा सेतु और रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित किया गया है। इनके अलावा श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर 318 करोड़ रुपये की लागत से 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित किया गया है, जिससे नेपाली फार्म से ऋषिकेश नटराज चौक तक ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।
ये योजनाएं भी प्रस्तावित
ऋषिकेश बाईपास परियोजना के अलावा अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण कर्णप्रयाग मार्ग और अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग के निर्माण के संबंध में भी केंद्रीय परिवहन मंत्री से बातचीत जल्द होने की उम्मीद है। सीएम धामी के मुताबिक प्रस्तावित मार्गों के निर्माण के बाद राज्य में टूरिज्म, ट्रैवल और बिजनेस को तेज रफ्तार मिलेगी। राज्य का सड़क नेटवर्क मजबूत होने से लोगों को भी राहत मिलेगी।
मुख्यधारा से जोड़ने में मदद
धामी का मानना है कि प्रस्तावित मार्गों के निर्माण से पहाड़ी क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। बहरहाल देखना ये होगा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की ये प्रस्तावित परियोजनाएं कब तक धरातल पर उतरेंगी।
ऋषिकेश में ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति, धामी सरकार कर रही तैयारी
Leave a Comment
Leave a Comment

