श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार शाम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में सुंदरकांड के पाठ के साथ श्रीराम भजन संध्या आयोजित हुई। भजन गायिका स्वाति मिश्रा एवं विवेक नौटियाल की टीम द्वारा प्रस्तुत किए गए सुंदरकांड के सस्वर पाठ और भजनों से पूरा वातावरण राममय हो गया। उपस्थित सभी लोग श्रीराम की भक्ति में भावविभोर नजर आए।

राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने सपरिवार सुंदरकांड का पाठ किया। भगवान श्री राम की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ उन्होंने प्रदेश की खुशहाली एवं प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भजन गायिका स्वाति मिश्रा को सम्मानित करते हुए भगवान श्रीराम के प्रति उनकी आस्था से परिपूर्ण गायिकी की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को रामलला अयोध्या में विराजमान होने जा रहे हैं और यह ऐसा अवसर है, जिसके लिए हमने वर्षों इंतजार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को रामोत्सव मनाने का सुअवसर प्रदान किया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 22 जनवरी को दीपजला भगवान श्रीराम का स्मरण कर दीपोत्सव मनाने की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने जगत कल्याण के लिए मानव रूप में अवतार लिया और सच्चरित्र मनुष्य का जीवन कैसा होना चाहिए, इसका उदाहरण प्रस्तुत किया।

सुंदरकांड का पाठ करने वाली टीम में पंकजनौटियाल, सुधाशु रतूड़ी तथा शिवा भट्ट भी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम का संचालन महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, रेखा आर्या, विधायक खजान दास, विनोदचमोली, दुर्गेश्वर लाल, फकीर राम टमटा, उपाध्यक्ष उत्तराखंड संस्कृति कला परिषद मधु भट्ट, मुख्य सचिव डा एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव राधिका झा, विनय शंकर पांडे, डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, हरि चंद्र सेमवाल, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट आदि उपस्थित थे।





