ऋषिकेश। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 21 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे हैं. सबसे पहले अमित शाह तीन बजे गीता भवन ऋषिकेश में आयोजित कल्याण शताब्दी महोत्सव में शामिल हुए. इस मौके पर भी गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस पर निशाना साधने से भी नहीं चूके.
अमित शाह ने मंच से अपने संबोधन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के शासनकाल में जब नीतियां पाश्चात्य विचारों से प्रभावित होकर गढ़ी जा रही थी, तभी गीता प्रेस ने कल्याण पत्रिका का जरिए हिंदू धर्म, दर्शन, आचार-विचार और कला संस्कृति को जनता के सामने रखा.
आज पत्रिका के शताब्दी वर्ष पर इन नीतियों पर यू-टर्न लगाने काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से चल रहा है। साढ़े पांच सौ साल बाद रामलला को अपमानजनक स्थिति से बाहर निकालकर भव्य राम मंदिर बनाया गया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ का पुनरुद्धार किया है अब बदरीनाथ समेत 35 धामों को रेनोवेट करेंगे।
बुधवार को पौड़ी जिले के स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन में गीता प्रेस की कल्याण पत्रिका के सौ साल पूरे होने पर शताब्दी अंक का गृह मंत्री अमित शाह ने विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद जवाहर लाल नेहरू के शासनकाल में रक्षा, विदेश, व्यपार,शिक्षा नीति पश्चिम के विचारों से प्रभावित होकर बन रही थी, तब भी कल्याण पत्रिका ने अपनी भूमिका निभाई। सनातन धर्म के हर आदर्श को जनता के सामने रखा। पिछले ग्यारह साल में कई काम हुए।

