नैनीताल। शहर के डीएसए मैदान को लीज पर दिए जाने के बाद खेल विभाग और नगर पालिका के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर रार बरकरार है। बीते दिनों शुरू हुए विवाद से खेल विभाग अपनी प्रस्तावित क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू नहीं करवा पाया था। वहीं विवाद को देखते हुए खेल मैदान में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। जिसके चलते पालिका की ओर से प्रस्तावित मैच भी शुरू नहीं हो सका है। फिलहाल एसडीएम पालिकाध्यक्ष से वार्ता कर विवाद सुलझाने में जुटे है।
बता दे कि बीते वर्ष शासन स्तर से खेल मैदान को तीस वर्ष के लिए खेल विभाग को लीज पर दे दिया गया है। पालिका बोर्ड के गठन के बाद शुरुआत से ही लीज को लेकर विरोध दिख रहा था। दस माह से आंतरिक तौर पर चल रहा विवाद क्रिक्रेट प्रतियोगिता के रूप में खुलकर सामने आ गया।
खेल विभाग 28 जनवरी से प्रतियोगिता शुरू करने खेल मैदान पहुंचा तो पालिकाध्यक्ष तमाम सभासदों ने पहुंच विरोध शुरू कर दिया। जिसके बाद खेल विभाग को प्रतियोगिता रोकनी पड़ी। इधर पालिका की ओर से शनिवार से पृथ्वीराज सिंह स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत की जानी थी। विवाद की संभावना को देखते हुए खेल मैदान में सुबह से ही भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।
पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल सभासदों और अन्य लोगों के साथ प्रतियोगिता शुरू करने पहुंची ही थी कि खेल विभाग कर्मचारियों के पहुंचने और विरोध जताने पर प्रतियोगिता में फिर खलल पड़ गया। लोगों की भीड़ और विरोध बढ़ता देख एसडीएम नवाजिश खलीक भी पहुँच गए।
उन्होंने पालिकाध्यक्ष से वार्ता कर खेल विभाग का प्रस्ताव उनके समक्ष रखा कि दोनों प्रतियोगिताओं की टीम को सम्मिलित कर एक ही प्रतियोगिता करा ली जाए। जिसमें शामिल खिलाड़ियों को खेल विभाग सुविधाएं और प्रमाण पत्र भी देगा। लेकिन पालिकाध्यक्ष नहीं मानी। फिलहाल विवाद को खत्म करने के लिए वार्ता जारी है।
नैनीताल : क्रिकेट को लेकर खेल विभाग और नगर पालिका में घमासान, पुलिस फोर्स तैनात
Leave a Comment
Leave a Comment

