देहरादून। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और सुधारात्मक सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के 12 कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह सम्मान कर्तव्य के प्रति असाधारण निष्ठा, साहस, अनुकरणीय सेवा और विशिष्ट रिकॉर्ड के आधार पर प्रदान किया गया है।
सम्मानित होने वालों में उत्तराखंड से आईजी योगेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। राष्ट्रपति पदक विशिष्ट सेवा के लिए उन अधिकारियों को दिया जाता है, जिनका सेवा रिकॉर्ड विशेष रूप से उत्कृष्ट रहा हो, जबकि सराहनीय सेवा पदक कर्तव्य के प्रति निष्ठा और मूल्यवान योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
ये कर्मी हुए सम्मानित
पदक पाने वालों में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस प्रबोध कुमार घिल्डियाल, सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की निरीक्षक ज्योति चौहान, अभिसूचना मुख्यालय के इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र, चंपावत के डीएसपी शिवराज सिंह, सेक्टर वार्डन मीना मोहन शर्मा (देहरादून), डिप्टी डिवीजनल वार्डन रविंद्र काला (देहरादून) और पुलिस मुख्यालय में तैनात सहायक उप निरीक्षक साजिद अली शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
आईपीएस सदानंद दाते को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पुलिस पदक
इसी क्रम में उत्तराखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी सदानंद दाते को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में सात वर्षों तक उत्कृष्ट और प्रभावी सेवा देने के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। सदानंद दाते केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में कार्यरत हैं और उनका नाम सीबीआई कोटे से राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए अनुशंसित किया गया था। उनके कार्यकाल को जटिल मामलों की निष्पक्ष जांच, पेशेवर दक्षता और उच्च नैतिक मानकों के लिए जाना जाता है।
सीबीआई देहरादून ब्रांच के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र को भी सम्मान
सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) की श्रेणी में सीबीआई देहरादून ब्रांच के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र को भी सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पदक कर्तव्य के प्रति समर्पण और सराहनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है।
उत्तराखंड : 12 अधिकारियों-कर्मियों को राष्ट्रपति पुरस्कार, ये कर्मी हुए सम्मानित
Leave a Comment
Leave a Comment

