रुड़की। सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती ने सहारनपुर निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर आरोपित बदनाम करने की धमकी दे रहा है। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की करीब चार साल पहले फेसबुक पर सहारनपुर निवासी एक युवक से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर बीते तीन साल से संबंध बनाता रहा।
अब युवक का रिश्ता कहीं और तय हो गया। रिश्ता तय होने के बाद युवक ने युवती से किनारा करना शुरू कर दिया। युवती ने जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि युवक का रिश्ता किसी कहीं और तय हो गया है और छह माह बाद शादी है।
इसके बाद युवती ने युवक को फोन कर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। साथ ही उसने दबाव बनाने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी। पीड़ित ने इस बावत पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

