देहरादून : हमारी बेटी तो नहीं लौटेगी, लेकिन हम उन तमाम बच्चियों के लिए लड़ेंगे जो बाहर पढ़-लिखकर कुछ करना चाहती है… हमने सीएम के साथ कोई सौदा नहीं किया है. जब मेरी बेटी नहीं झुकी तो हम कैसे झुक सकते हैं… ये तमाम बातें अंकिता भंडारी के माता-पिता सीएम से मिलने के बाद रो-रोकर कह रहे हैं. वो बस अपनी बेटी के वीआईपी आरोपी को सामने लाने की मांग कर रहे हैं. कह रहे हैं कि बस उससे पूछना है कि उसने हमारी फूल सी नाजुक बेटी को इतनी दर्दनाक मौत क्यों दी. उसने क्या गलत किया था.
गौरतलब है, उत्तराखंड में एक बार फिर अंकिता भंडारी की हत्या का मामला गरमा गया है.
इस हत्याकांड ने करीब तीन साल पहले पूरे देश को झकझोर दिया था. 18 सितंबर 2022 को अंकिता भंडारी का मर्डर किया गया था. लेकिन उसकी लाश 24 सितंबर को मिली थी और तीन साल चार महीने बाद, मई 2025 में कोर्ट ने बीजेपी नेता के पुत्र पुलकित आर्य, उसके सहयोगी अंकित गुप्ता और सौरभ भास्कर को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. मगर, अब एक बार फिर जनता सड़कों पर उतर आई है.
कहा जा रहा है कि अंकिता को अभी भी न्याय नहीं मिला है. रोते-रोते मां-बाप अपनी प्यारी बेटी के लिए सरकार से न्याय मांग रहे हैं. सीएम से मिलने के बाद उन्होंने बताया कि उनकी क्या कुछ मांग है. आखिर अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए कैसे देहरादून पहुंचे, कौन उनको देहरादून लेके आया है, मुख्यमंत्री से मिलने कैसे पहुंचे? मुलाकात किसने तय करवाई और क्या प्रक्रिया रही?
बेटी की इज्जत के लिए जान दी, अब हम सच के लिए खड़े हैं
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उसके माता-पिता जनता के सामने आए और अपनी पीड़ा, संघर्ष और अधूरे न्याय की कहानी भावुक होते हुए शेयर की. तीन साल बीत जाने के बाद भी जिस सवाल का जवाब नहीं मिला, वही सवाल आज भी उनकी लड़ाई की वजह है. आखिर वो वीआईपी कौन था, जिसकी वजह से अंकिता की हत्या कर दी गई?
आपकी वजह से आज यहां तक पहुंचा- अंकिता के पिता
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने भावुक होते हुए कहा, मैं सबसे पहले उत्तराखंड की पूरी महिला शक्ति और पूरे भारत की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। आप लोगों की वजह से ही आज मैं यहां तक पहुंचा हूं। हमारी शुरू से ही यही मांग रही है कि मेरी बेटी के साथ जो गलत हुआ, उसका पूरा सच सामने आए. मैं तो दिल्ली जा रहा था, तभी अचानक मुख्यमंत्री से मिलने का कार्यक्रम बना. दोपहर करीब 1:45 बजे हम घर से निकले और शाम करीब 6:30 बजे देहरादून पहुंचे.
कैसे पहुंचे देहरादून?
देहरादून आने को लेकर उठे सवालों पर अंकिता के पिता ने साफ किया कि पौड़ी से मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से गाड़ी की व्यवस्था की गई थी. कार से ही मैं यहां आया. हमने सीएम के सामने दो मांगे रखीं. हम दोनों की शुरू से ही मांग थी कि सीबीआई की जांच हो और हमारे पूरे उत्तराखंड की जनता भी यही चाहती है कि सीबीआई की जांच हो. सीबीआई वीआईपी की जांच करें. कौन है वो वीआईपी जिसकी वजह से ही मेरी लड़की की हत्या की गई.
उन्होंने आगे कहा कि हमें अभी तक नहीं पता कि आखिर ऐसी क्या वजह थी, जिसकी वजह से मेरी बेटी की हत्या कर दी गई. वो वीआईपी कौन था. इसकी जांच सीबीआई करे. सीबीआई की जांच सुप्रीम कोर्ट जज की निगरानी में हो. जिस समय हम मुख्यमंत्री से मिले तब उनके अलावा कमिश्नर, डीजीपी और दो तीन अन्य कर्मचारी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री के सामने रखी दो अहम मांगें
वीरेंद्र भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात में उन्होंने दो मुख्य मांगें रखीं-
– सीबीआई जांच
– वीआईपी की भूमिका की जांच
पिता ने आगे कहा कि सीएम पुष्कर धामी की ओर से परिवार को आश्वासन दिया गया कि जो भी दोषी होगा, उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत कठोर सजा दी जाएगी. अंकिता के पिता ने उन आरोपों पर भी जवाब दिया, जिनमें कहा जा रहा है कि परिवार ने कोई समझौता कर लिया है. उन्होंने कहा, कुछ लोग कह रहे हैं कि अंकिता के माता–पिता ने वहां जाकर सौदा किया होगा, लेकिन मैं साफ कहना चाहता हूं कि मैंने कोई सौदा नहीं किया है. जब मेरी बेटी ने उस वीआईपी के सामने अपनी इज्जत की रक्षा की और उसी के लिए जान दे दी, तो मैं भी कभी किसी के सामने नहीं झुकूंगा. न पैसे लूंगा, न चुप बैठूंगा.
वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन मैं उन बेटियों के लिए लड़ूंगा, जो पढ़ने-लिखने और नौकरी करने बाहर जाने का सपना देखती हैं.
मां का दर्द- मेरी बेटी का कसूर क्या था?
अंकिता की मां सोनी देवी अपने आंसू नहीं रोक पाईं. उन्होंने रोते हुए कहा, मैंने मुख्यमंत्री से यही कहा कि जिस वजह से मेरी बेटी की जान गई, उस आरोपी को हमारे सामने रख दो. मेरी बेटी का कसूर क्या था? हर मां–बाप अपने बच्चों को पढ़ाने-लिखाने के लिए बाहर भेजते हैं. इसका मतलब ये थोड़ी है कि कोई रसूखदार उनके साथ कुछ भी कर ले. मुझे पता है कि मेरी बेटी कभी लौटकर नहीं आएगी. मुझे बहुत दुख होता है, लेकिन फिर भी मैं अपनी बेटी के लिए आज तक लड़ रही हूं.
आगे कहा कि परिवार ने जो कष्ट झेला है, वो शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. हम अपने घर को संवार भी नहीं सकते, लेकिन हम उन बच्चियों के लिए खड़े हैं, जो नौकरी करने बाहर जाएंगी. उनकी सुरक्षा कैसी होगी यही हमारी चिंता है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर हम आज खड़े नहीं हुए, तो कल किसी और की बेटी के साथ वही होगा, जो मेरी बेटी के साथ हुआ.
CM धामी से मिलने के बाद रोते हुए क्या बोले अंकिता भंडारी के मां-बाप?
Leave a Comment
Leave a Comment

