देहरादून। देहरादून के पलटन बाजार में चोरों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। शहर कोतवाली से महज 75 मीटर की दूरी पर बुधवार की रात चोरों ने एक साथ लगी चार दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने दुकानों के ऊपरी तल से छत की टिन शेड उखाड़कर और दरवाजे तोड़कर लाखों रुपये की नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार सुबह जब व्यापारी दुकानों पर पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए।
छत से दाखिल हुए चोर
वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने शातिर तरीका अपनाया। चोर दुकानों के गेटों की बजाय छत के रास्ते दाखिल हुए। उन्होंने छत पर लगी टीन शेड को उखाड़ा और ऊपरी तल से नीचे उतरे। चोरों ने दुकानों के शटर और दरवाजे तोड़े और ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथे तल तक इत्मीनान से दुकानें खंगाल डालीं।
हरमीत के स्टोर से करीब आठ लाख रुपये की नकदी चोरी की गई। पाल संस के हरमिंदर चड्ढा के यहां से चोरों ने 35 हजार रुपये की नकदी और कीमती कपड़ों पर हाथ साफ किया। आदेश जायसवाल की दुकान संगम साड़ी और अनिरुद्ध जिंदल के जिंदल स्टोर से भी नकदी और कुछ सामान चोरी किया गया। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया मामले में चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पिछले साल भी हुई थी दो बार वारदात
पलटन बाजार में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। शहर का सबसे व्यस्त और वीआईपी माना जाने वाला यह बाजार चोरों के निशाने पर है। पिछले साल भी पलटन बाजार में चोरों ने कोतवाली के नजदीक ही दो बार दुकानों में चोरी की वारदातें की थीं।
पुलिस आरोपियों को जल्द पकड़े: संतोख
पलटन बाजार व्यापार मंडल के प्रधान संतोख सिंह नागपाल गुरुवार को चोरी की घटना का पता लगने पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल पीड़ित व्यापारी भाइयों के साथ खड़ा है। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस प्रशासन की ओर से जल्द से जल्द अपराधियों पर कार्रवाई की उम्मीद है।
देहरादून : सुरक्षा व्यवस्था को चोरों ने दी खुली चुनौती, थाने के पास के दुकानों को बनाया निशाना
Leave a Comment
Leave a Comment

