ऋषिकेश। बापूग्राम वन भूमि प्रकरण की गूंज राज्यसभा में भी सुनाई दी। उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने बुधवार को राज्यसभा में ऋषिकेश के कई वार्डों में वन भूमि प्रभावित हजारों परिवारों की समस्या को उठाया और केंद्र सरकार से प्रभावित समस्त वन भूमि क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि बापूग्राम व मीरा नगर क्षेत्रों में पिछले सात दशकों से हजारों परिवार रह रहे हैं। वर्तमान में इन परिवारों से करोड़ों रुपये का राजस्व सरकार को प्राप्त होता है, लेकिन आज तक इन क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित नहीं किया गया।
इसी प्रभावित क्षेत्र में एम्स ऋषिकेश, सिंचाई विभाग की कालोनी व कई सरकारी विभाग स्थित हैं। राजस्व ग्राम घोषित न होने के कारण हजारों परिवारों को भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इससे उन्हें किसान सम्मान निधि, सामाजिक न्याय से जुड़ी कई जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि बीती दो फरवरी को ऋषिकेश में प्रभावित परिवारों ने बड़ा प्रदर्शन किया था।
उन्होंने केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों के पक्ष में शीघ्र उचित निर्णय लेने की मांग की।

