चमोली: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और शुभ खबर सामने आई है। परंपरा के अनुसार, वसंत पंचमी के पावन अवसर पर नरेंद्रनगर स्थित टिहरी राजदरबार में राजपुरोहित द्वारा पंचांग गणना के आधार पर कपाट खोलने की तिथि और शुभ मुहूर्त की औपचारिक घोषणा की गई।
बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि हर वर्ष पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार घोषित की जाती है। इस बार भी टिहरी राजपरिवार की उपस्थिति में राजपुरोहित ने पंचांग देखकर 23 अप्रैल, सुबह 6:15 बजे का शुभ मुहूर्त तय किया। कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही चारधाम यात्रा की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।
चतुर्थ केदार रुद्रनाथ धाम 18 मई को खुलेगा
चमोली जिले में स्थित चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के कपाट 18 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। रुद्रनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में पंचांग गणना और धार्मिक परंपराओं के अनुसार घोषित की गई। यह धाम चारों केदारों में विशेष धार्मिक महत्व रखता है और यहां तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ती है।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि
भगवान शिव के प्रमुख धाम केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा परंपरागत रूप से महाशिवरात्रि के दिन की जाती है। केदारनाथ धाम की पंचमुखी डोली यात्रा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद कपाटोद्घाटन की तिथि सार्वजनिक की जाएगी।
अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम
चारधाम यात्रा की परंपरा के अनुसार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट हर वर्ष अक्षय तृतीया के दिन खोले जाते हैं। इस दिन मां गंगा और मां यमुना के दर्शन के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ माना जाता है।
बदरीनाथ और अन्य धामों के कपाट खुलने की तिथियां सामने आते ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया है। प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से यात्रा मार्गों, रजिस्ट्रेशन और सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज की जा रही हैं।
उत्तराखंड: बद्रीधाम और रुद्रनाथ के इस दिन खुलेंगे कपाट
Leave a Comment
Leave a Comment

