हरिद्वार। गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के सौ वर्ष, माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी तथा सिद्ध अखण्ड दीप के प्राकट्य के सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित शताब्दी समारोह आज भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हो गया।
शांतिकुंज में अखंड ज्योति और माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी समारोह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। उनके साथ ही राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी आयोजन में शिरकत की। इससे पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं।
विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय कैबीनेट मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जीवन के विभिन्न संस्मरणों को याद करते हुए कहा कि युगऋषि पूज्य गरुदेव, वंदनीया माताजी तथा गायत्री माता की कृपा है कि मैं आगे बढ़ पाया हूं। जब मैं पूज्य गुरुदेव से मिला, उन्होंने तिलक किया, तब से मेरे जीवन की दिशा व दशा दोनों में काफी सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार संस्कृति की सरिता रूप है। संस्कारों का सागर है। अध्यात्म की आलोकित आभा है, जो संपूर्ण विश्व को मानवता का दिग्दर्शन करा रही है।
उन्होंने कहा कि अखण्ड ज्योति बाहर से ज्यादा मनुष्य के अंदर को प्रकाशित करती है। यह बुद्धि को विवेक से जोड़ने का काम करती है। यह कर्म को धर्म को जोड़ने का काम करती है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज चारो ओर अंधेरा दिखाई दे रहा है, ऐसे में प्रकाश दिखाने का कार्य सनातन संस्कृति और गायत्री परिवार कर रहा है। उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा मानव निर्माण और राष्ट्र निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
हरिद्वार : शताब्दी समारोह का भव्य समापन, शिवराज सिंह ने की शिरकत
Leave a Comment
Leave a Comment

