रुड़की : शहर की व्यस्ततम रोड पर नेहरू स्टेडियम के सामने शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने कार दौड़ा दी। जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई। हादसे में दुकान के बाहर खड़ा एक युवक घायल हो गया, जबकि दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक इतने नशे में था कि वह सही से अपने पांव पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। पुलिस आरोपित का मेडिकल कराया है।
कार ने युवक को मारी टक्कर
शनिवार दोपहर एक युवक कार लेकर दुर्गा चौक से होते हुए जा रहा था। कार नेहरू स्टेडियम के सामने सड़क पर पहुंची। कार चालक ने कार कुछ देर के लिए रोकी। इसके बाद उसने नए पुल की तरफ तेजी से मोड़ दिया। गति अधिक होने की वजह से कार ने नेहरू स्टेडियम के सामने दुकान के बाहर खड़े युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार दुकान में घुस गई।
चालक की कर दी पिटाई
कार की चपेट में आने से दो बाइक और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने कार को घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने कार सवार को नीचे खींच लिया। कार चालक को नशे में देख लोग दंग रह गए। कार चालक सही से पांव पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। इसी बीच एक युवक ने उसकी पिटाई कर दी। युवक को नशे में देख लोगों ने उसे बचाया।
आरोपित को पुलिस के हवाले किया
इसके बाद हादसे की सूचना गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपित कार चालक को गंगनहर कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित कार चालक लंढौरा का निवासी है। पुलिस ने कार चालक का मेडिकल कराया है।
इस मामले में दुकान स्वामी अरुण कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। कार घुसने से दुकान पर काम करने वाला युवक चोटिल हो गया। इसके अलावा हादसे में दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
वीडियो हो रहा तेजी से वायरल
हादसे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी ने बताया कि आरोपित कार चालक नशे की वजह से सहीं से खड़ा नहीं हो पा रहा है। उसके स्वजन को सूचना दी गई है। पुलिस तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर रही है।
रुड़की : कार ने युवक को मारी टक्कर, भीड़ ने चालक की कर दी पिटाई
Leave a Comment
Leave a Comment

