अहमदाबाद। गुजरात की न्यायिक व्यवस्था आज उस समय दहल उठी जब गुजरात हाई कोर्ट समेत राज्य की छह महत्वपूर्ण अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा को देखते हुए सभी अदालतों में न्यायिक कार्यवाही रोक दी गई. फिलहाल पुलिस की टीमें डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड की मदद से चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ले रही हैं.
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, गुजरात हाई कोर्ट, सूरत जिला अदालत, अहमदाबाद (लाल दरवाजा) सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट के साथ-साथ भरूच, आणंद और राजकोट की अदालतों को एक धमकी भरा ईमेल मिला. इस ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट की इमारतों को ‘RDX’ के जरिए ब्लास्ट कर उड़ा दिया जाएगा. इस सूचना के बाद प्रशासन में खलबली मच गई और आनन-फानन में जांच शुरू की गई.
न्यायिक कार्यवाही रोकी गई
पी.डी.जे. आर.ए. त्रिवेदी के आदेश पर अदालतों को खाली कराया गया और वकीलों व पक्षकारों को अगले निर्देश तक परिसर में न आने के लिए कहा गया है. सुरक्षा कारणों से कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया गया है.
कोर्ट परिसर में अफरातफरी
ईमेल की खबर जैसे ही कोर्ट परिसर में फैली, वहां अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया. सुबह का समय होने के कारण अदालतों में वकीलों और मुवक्किलों की भीड़ जमा हो रही थी. वकील अपनी दलीलों की तैयारी कर रहे थे, वे अपनी फाइलें समेट कर बाहर निकलते दिखे. दूर-दराज से आए पक्षकारों के चेहरे पर दहशत था.
सूरत कोर्ट में देर रात आया था मेल
सूरत कोर्ट के एक वकील ने बताया कि यह धमकी भरा ईमेल रविवार देर रात आया था. सोमवार सुबह जब स्टाफ ने ईमेल चेक किया, तो उनके होश उड़ गए. तुरंत जज को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस को मौके पर बुलाया गया. फिलहाल पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया. चप्पे-चप्पे की चेकिंग की जा रही है. जब तक पुलिस की ओर से ‘क्लियरेंस’ नहीं मिल जाता, तब तक कामकाज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं.
गुजरात में बार-बार मिल रही धमकियां
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब गुजरात की अदालतों को निशाना बनाने की धमकी दी गयी है. कल यानी 5 जनवरी को भी अहमदाबाद की ग्रामीण कोर्ट (इनकम टैक्स) को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. राज्य की महत्वपूर्ण अदालतों को बार-बार मिल रही इन धमकियों के बाद पुलिस मुख्यालय ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. साइबर सेल की टीम उन ईमेल एड्रेस की जांच कर रही है जिनसे ये धमकियां भेजी गई हैं.
हाई कोर्ट समेत 6 अदालतों को RDX से उड़ाने की धमकी, न्यायिक कामकाज ठप
Leave a Comment
Leave a Comment

