हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ से विमान के संचालन को हरी झंडी दिखाई। इस निर्णय के बाद पहाड़ में आवागमन के साधनों को और सुलभ तरीके से प्रयोग किया जा सकेगा। तथा आपातकाल की किसी भी स्थिति में दूरगामी क्षेत्र के व्यक्तियों को ज्यादा कष्ट नहीं उठाना पड़ेगा।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी साथ ही राज्य के कुछ और दूरस्थ क्षेत्रों में विमान संचालन को शुरू करने का सुझाव भी दिया उन्होंने कहा – मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि पिथौरागढ़ से 42 सीटर विमान संचालित होगा। इस सुखद प्रयास के लिए मैं, उन्हें भी शुभकामनाएं देता हूं। यदि ऐसा संभव हुआ तो पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर क्षेत्र में पर्यटन के विकास को नई ऊंचाई मिल जाएगी। मैं, मुख्यमंत्री जी को डांग चौखुटिया में हवाई पट्टी के निर्माण का भी स्मरण दिलाना चाहता हूं। यदि वहां हवाई पट्टी बनती है तो उससे अल्मोड़ा, पौड़ी, चमोली और रूद्रप्रयाग जनपद के पर्यटन के विकास को नई ऊंचाई मिलेगी और इतना ही आवश्यक है चिन्यालीसौड़ की हवाई पट्टी का विस्तार, वहां बहुत सरलता से 42 सीटर विमान संचालित किया जा सकता है।

