देहरादून। देहरादून स्थित सचिवालय में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की अहम बैठक में राज्य के प्रशासनिक सुधार और दीर्घकालिक विकास से जुड़े 8 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. कैबिनेट के ये फैसले स्वास्थ्य, राजस्व, जनजाति कल्याण, भू-जल संरक्षण, उच्च शिक्षा, रक्षा, औद्योगिक विकास और हरित ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सीधे प्रभावित करेंगे.
बैठक की शुरुआत दिवंगत व्यक्तियों के सम्मान में शोक प्रस्ताव के साथ हुई, जिसके बाद एजेंडे में शामिल सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिए गए.
- स्वास्थ्य विभाग से जुड़े फैसले में सरकार ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत दी है. अब वे कर्मचारी, जिन्होंने पांच वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, आपसी सहमति के आधार पर उसी जनपद में स्थानांतरण करा सकेंगे. इससे विभागीय संतुलन और कर्मचारियों की कार्यसंतुष्टि दोनों बढ़ने की उम्मीद है.
- राजस्व विभाग में भूमि प्रबंधन को लेकर अहम बदलाव किया गया है. अब आपसी समझौते के तहत भूमि अधिग्रहण के बिना सीधे भूमि स्वामियों से जमीन खरीदी जा सकेगी.
- इसके अलावा पराग फार्म की वह भूमि, जो पहले सिडकुल को दी गई थी, उसे आगे किसी अन्य को बेचने या पट्टे पर देने की अनुमति नहीं होगी, हालांकि सिडकुल सब-लीज कर सकेगी.
- जनजाति कल्याण के क्षेत्र में देहरादून और उधमसिंह नगर समेत चार जिलों में जनजातीय कल्याण अधिकारी के नए पद स्वीकृत किए गए हैं, जिससे आदिवासी क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी.
- भू-जल संरक्षण को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने गैर-कृषि उपयोग को छोड़कर औद्योगिक इकाइयों और आवासीय सोसाइटी में जल मूल्य प्रभार लगाने का निर्णय लिया है. भूमिगत जल के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी शुल्क देना होगा.
- उच्च शिक्षा में उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी गई है. इसके तहत जीआरडी को उत्तराखंड विश्वविद्यालय का दर्जा मिलेगा. संबंधित अध्यादेश आगामी बजट सत्र में विधानसभा में पेश किया जाएगा.
- रक्षा क्षेत्र के लिए रणनीतिक कदम उठाते हुए चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों को संयुक्त रूप से रक्षा मंत्रालय को सौंपने पर सहमति बनी है.
- वहीं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड हाइड्रोजन नीति-2026 को मंजूरी दी गई है. इसके अंतर्गत सब्सिडी संबंधी निर्णय मुख्य सचिव की अध्यक्षता में लिए जाएंगे.
बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल और धन सिंह रावत भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि सौरभ बहुगुणा और रेखा आर्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए.
वहीं बैठक में महाराष्ट्र के पुणे में हुए विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पंवार के निधन पर शोक जताया गया और दो मिनट का मौन रखा गया.

