देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के रायपुर इलाके में तैनात एक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है. ठगों ने खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी (EC) बताकर महिला बीएलओ से करीब 1.5 लाख रुपये ठग लिए. यह वारदात ऐसे समय पर हुई, जब राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR की तैयारियां चल रही हैं.
पीड़ित महिला को 9 जनवरी को एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताते हुए कहा कि आगामी मतदाता पुनरीक्षण से पहले उनके काम की समीक्षा की जा रही है. उसने यह भी कहा कि उनके मोबाइल पर एक कोड आएगा, जिसे साझा करना जरूरी है. बात सरकारी काम से जुड़ी लगी, इसलिए महिला ने बिना किसी शक के वह कोड फोन पर बता दिया.
कोड साझा करते ही महिला के मोबाइल की सिम कार्ड बंद हो गई. शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई तकनीकी समस्या होगी और कुछ समय में ठीक हो जाएगी. इसी भ्रम में उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया. लेकिन कुछ दिन बाद जब वह अपने बैंक पहुंचीं और खाते की जानकारी ली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
बैंक से पता चला कि 15 से 17 जनवरी के बीच कई बार में उनके खाते से कुल 1.5 लाख रुपये निकाल लिए गए थे. तब जाकर महिला को समझ आया कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ठगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, ओटीपी या कोड को साझा न करें, चाहे कॉल करने वाला खुद को कितना ही बड़ा अधिकारी क्यों न बताए. थोड़ी सी सावधानी बड़ी ठगी से बचा सकती है.
उत्तराखंड : EC अधिकारी बनकर ठगों ने BLO का बैंक अकाउंट किया खाली, मुकदमा दर्ज
Leave a Comment
Leave a Comment

