हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. बीजेपी पार्षद और संगठन पदाधिकारी अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. इस घटना के बाद न केवल शहर में तनाव का माहौल है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है.
जानकारी के अनुसार जज फार्म निवासी नितिन लोहनी को बीजेपी पार्षद अमित बिष्ट ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारी. गोली लगते ही नितिन लोहनी की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अफरा-तफरी मच गई. इस फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आरोपी बीजेपी पार्षद अमित बिष्ट को तत्काल हिरासत में ले लिया है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है.
फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश थी या कोई अन्य वजह. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है.
मृतक नितिन लोहनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है. यह घटना शहर की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक मर्यादाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है.
उत्तराखंड: BJP पार्षद पर लगा युवक की गोली मारकर हत्या का आरोप
Leave a Comment
Leave a Comment

