स्पेशल टास्क फोर्स ने एक बड़ी कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय ठगों के गिरोह का भंडाफोड़ कर दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक दसवीं पास है, जो अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगों का ट्रेनर है। ये दोनों आरोपी अन्य साइबर अपराधियों को फर्जी व्यावसायिक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनमें करोड़ों रुपये का लेनदेन पाया गया है।
इन साइबर ठगों का अंतरराष्ट्रीय साइबर गैंग से क्रिप्टो करेंसी में रुपयों का लेनदेन होता था। साइबर ठगों के मोबाइलों में क्रिप्टो करेंसी में लाखों रुपये का बैलेंस भी मिला है। यह कार्रवाई इसी मार्च महीने के पहले हफ्ते में दक्षिण एशियाई देशों से चल रहे साइबर अपराधों के नेटवर्क के खिलाफ भारत सरकार द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई के बाद हुई है।
इस कार्रवाई में म्यांमार से 540 भारतीय नागरिकों को स्वदेश वापस लाया गया था, जिनमें से 22 नागरिक उत्तराखंड राज्य के थे। एसटीएफ एसएसपी नवनीत भुल्लर के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

