हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आयोजकों ने कथित टी-20 क्रिकेट लीग के नाम पर लोगों से टीम, फ्रेंचाइज़ी और टिकट के लिए मोटी रकम वसूली, लेकिन मैच नहीं कराए गए। अब पुलिस ने मुख्य आयोजक को हिरासत में ले लिया है और जांच तेज कर दी है।
हल्द्वानी में प्रस्तावित ‘Epic Victory Cricket League’ के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, पूर्व विधायक सहित कई लोगों ने शिकायत की कि आयोजकों ने लीग के नाम पर फ्रेंचाइज़ी एवं टिकट के लिए लाखों रुपये वसूले, लेकिन मैच आयोजित नहीं किए। पुलिस ने मुख्य शख्स विकास ढाका को हिरासत में लिया है और धोखाधड़ी के आरोप की जांच कर रही है।
क्या है मामला.. जानिये
गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में टी-20 क्रिकेट लीग आयोजित होने वाला था, जिसमें छह टीमों सहित उत्तराखंड सोल्जर्स, दिल्ली नाइट्स, यूपी वारियर्स आदि के शामिल होने की घोषणा की गई थी। आयोजक ने पूर्व भारतीय क्रिकेटरों के खेलने का दावा भी प्रचारित किया, जिससे लोगों में उत्साह बढ़ा। लोगों से टीम फ्रेंचाइज़ी, खिलाड़ियों से भागीदारी शुल्क और टिकट के नाम पर लाखों रुपये लिए गए, लेकिन मैच कभी शुरू नहीं हुआ।
धोखाधड़ी की शिकायत और गिरफ्तारी
पिछले दिनों पूर्व विधायक नारायण पाल सहित कई पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की कि उनसे टीम और मैच में भागीदारी दिलाने के नाम पर पैसे लिए गए। पुलिस ने मुख्य आयोजक विकास ढाका को एक होटल से हिरासत में लिया है और मामले में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता लगाया जा रहा है कि कितनी राशि और कितने लोग प्रभावित हुए हैं।

