देहरादून। हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा कैसे करनी है, यह हमें पता है और यह हमारा कर्तव्य है। कोई हमें यह सिखाने की कोशिश न करे कि बहन-बेटियों की सुरक्षा कैसे करनी है। बहन-बेटियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है।
पहले भी हम यह करते आए हैं और आगे भी महिला सुरक्षा के लिए हर प्रभावी कदम उठाएंगे। किसी प्रकार का संशय इसे लेकर नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बातें उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। साथ ही उन्होंने प्रेस क्लब के भवन निर्माण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए जल्द इसका शिलान्यास करने का आश्वासन दिया और निर्माण कार्य के लिए एमडीडीए को कार्यदायी संस्था बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को लैंसडौन चौक के निकट स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने स्वयं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेस क्लब और पत्रकार लोकतांत्रिक चेतना के सशक्त संवाहक हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब ने हमेशा निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय पत्रकारिता की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से फैल रही फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आवास, आकस्मिक सहायता और पेंशन से जुड़े विषयों पर लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष का बजट पांच करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है।
साथ ही मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तीकरण पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के सामान्य बजट में मीडिया सेंटरों के लिए भी प्रविधान किए जाएंगे, जिससे अन्य जिलों में भी पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

