मुरादाबाद से भाजपा के प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का चुनाव से एक दिन बाद आज निधन हो गया। सर्वेश सिंह रुड़की निवासी डीजीसी संजीव सिंह कौशल एवं प्रमुख कारोबारी और समाजसेवी वाई पी सिंह के समधी थे। भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का निधन हो गया है। इस सीट पर पहले चरण (19 अप्रैल) शुक्रवार को मतदान हुआ था। बताया गया है कि कुंवर सर्वेश को बीजेपी की ओर से जब टिकट मिला था, वह तभी से अस्पताल में भर्ती थे। वह कैंसर से पीड़ित थे।
सर्वेश सिंह ने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। पेशे से बिजनेसमैन कुंवर सर्वेश कुमार को उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेताओं में से एक माना जाता था। वह पहली बार 2014 में मुरादाबाद से सांसद बने थे उससे पहले वह ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से 5 बार विधायक चुने गए थे और उनके बेटे कुंवर सुशांत सिंह मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र की बढ़ापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। रुड़की निवासी डीजीसी संजीव सिंह कौशल सिंह व कारोबारी और समाजसेवी वाई पी सिंह रिश्ते में सर्वेश सिंह के समधी हैं। वहीं सर्वेश सिंह के नामांकन के दौरान रुड़की से युवा भाजपा नेता अक्षय प्रताप सिंह और कई लोग मुरादाबाद गए थे।
सर्वेश सिंह मुरादाबाद क्षेत्र में अपनी दबंग छवि के लिए जाने जाते थे। जनता के हक और अधिकारों के लिए कई बार सर्वेश सिंह पूरी दमदारी के साथ अधिकारियों को आदेश देते नजर आते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया । सभी कार्यकर्ताओं का यह कहना है कि उन्होंने अभिभावक के समान एक नेता को खो दिया।